Political

उमर कैबिनेट विस्तार की तैयारी तेज, मानसून सत्र से पहले तीन नए मंत्रियों को मिल सकता है मौका

श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला द्वारा मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल के संकेत दिए जाने के बाद सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार, विधानसभा के मानसून सत्र से पहले कैबिनेट विस्तार किया जा सकता है, जिसके तहत तीन रिक्त मंत्री पदों पर नए चेहरों को शामिल किए जाने की संभावना है।

वर्तमान में मुख्यमंत्री सहित मंत्रिपरिषद में छह सदस्य हैं, जबकि निर्धारित संख्या के अनुसार तीन कैबिनेट पद अभी भी खाली हैं। यदि मौजूदा मंत्रियों में कोई बदलाव नहीं किया जाता है, तो इन रिक्त पदों को भरने पर ही जोर रहेगा। हालांकि राजनीतिक गलियारों में फेरबदल की चर्चाएं भी तेज हैं।

सूत्रों के मुताबिक, कई वरिष्ठ और युवा विधायक मंत्री पद की दौड़ में सक्रिय हैं। अनुभव, वरिष्ठता, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और राजनीतिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए नामों पर विचार किया जा रहा है। इस बीच शिया समुदाय को मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व देने की संभावना भी मजबूत मानी जा रही है, क्योंकि वर्तमान कैबिनेट में इस समुदाय का कोई प्रतिनिधि नहीं है।

कांग्रेस की भूमिका भी इस विस्तार में अहम मानी जा रही है। हालांकि कांग्रेस पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल होने तक वह सरकार में शामिल नहीं होगी। ऐसे में रिक्त पदों पर एनसी या समर्थन देने वाले विधायकों को मौका मिल सकता है।

हालांकि मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से अभी तक विस्तार की तारीख या संभावित मंत्रियों के नामों की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। फिलहाल राजनीतिक हलकों में संभावित विस्तार और फेरबदल को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button