PAK से लौटते वक्त ईरान के दो बड़े नेताओं पर था हमले का खतरा? अमेरिकी अलर्ट के बाद बदला गया सफर का प्लान

नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच एक नई रिपोर्ट ने बड़ा दावा किया है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, अमेरिका ने ईरान को गुप्त रूप से आगाह किया था कि इजरायल उसके दो शीर्ष नेताओं को निशाना बनाने की कोशिश कर सकता है। बताया गया कि इस चेतावनी के बाद पाकिस्तान दौरे से लौट रहे ईरान के वरिष्ठ नेताओं की यात्रा योजना में बदलाव किया गया।
द वाशिंगटन पोस्ट और द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्टों के अनुसार, इजरायल के संभावित निशाने पर ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची और संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघर गालिबफ थे। अमेरिकी अधिकारियों को आशंका थी कि यदि इन नेताओं पर हमला हुआ, तो क्षेत्र में चल रही शांति वार्ता पूरी तरह पटरी से उतर सकती है।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अमेरिका ने तीसरे देशों के माध्यम से तेहरान तक यह संदेश पहुंचाया कि इजरायल राजनीतिक नेतृत्व को निशाना बना सकता है। साथ ही वाशिंगटन ने इजरायल से भी कूटनीतिक बातचीत के दौरान ऐसे किसी कदम से बचने की अपील की थी।
बताया जाता है कि ईरान के संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघर गालिबफ अप्रैल में पाकिस्तान की यात्रा से लौट रहे थे। इसी दौरान संभावित हमले की खुफिया सूचना मिलने पर उनके विमान की मश्हद में लैंडिंग कराई गई। इसके बाद सुरक्षा कारणों से वे सड़क मार्ग से तेहरान पहुंचे।
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका को डर था कि यदि ईरान के शीर्ष वार्ताकारों को नुकसान पहुंचता है, तो युद्धविराम और होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर चल रही बातचीत पर गंभीर असर पड़ सकता है। इसी वजह से अमेरिकी प्रशासन ने शांति प्रक्रिया को बनाए रखने के लिए सक्रिय कूटनीतिक प्रयास किए।
हालांकि, इन दावों पर न तो इजरायल सरकार की ओर से आधिकारिक पुष्टि की गई है और न ही ईरान ने इस संबंध में विस्तृत सार्वजनिक प्रतिक्रिया दी है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों में प्रकाशित इन जानकारियों को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है।



