ऑनलाइन सट्टेबाजी पर ED का शिकंजा, महादेव ऑनलाइन बुक केस में 940 करोड़ की संपत्तियां जब्त

रायपुर, छत्तीसगढ़
महादेव ऑनलाइन बुक और स्काई एक्सचेंज से जुड़े कथित ऑनलाइन सट्टेबाजी मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 940.77 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच कर दी हैं। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) के तहत की गई है।
ईडी के अनुसार, अटैच की गई संपत्तियां विकास गर्ग, उनके परिवार और उनकी कंपनियों से जुड़ी हैं। इनमें आवासीय संपत्तियां, जमीन, शेयर और अन्य वित्तीय निवेश शामिल हैं।
जांच एजेंसी का कहना है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी का यह नेटवर्क विदेश से संचालित हो रहा था और फ्रेंचाइज़ी आधारित पैनल सिस्टम के जरिए देशभर में फैला हुआ था। एजेंसी ने दावा किया कि इस नेटवर्क से हर महीने 450 करोड़ रुपये से अधिक की कथित अवैध कमाई की जा रही थी।
ईडी के अनुसार, अवैध कमाई को कई शेल कंपनियों और जटिल वित्तीय लेन-देन के जरिए वैध दिखाया गया। इसके बाद इस धन को शेयरों और अन्य संपत्तियों में निवेश किया गया।
इस मामले में पहले भी कई बार संपत्तियां अटैच की जा चुकी हैं। विशेष पीएमएलए अदालत में अभियोजन शिकायतें दाखिल हैं और अदालत ने मामले का संज्ञान लिया है।
ईडी के मुताबिक, नई कार्रवाई के बाद अब तक कुल 3,800 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच, जब्त या फ्रीज़ की जा चुकी हैं। एजेंसी पूरे मामले की जांच आगे भी जारी रखे हुए है।




