ODI World Cup 2027 का बदला फॉर्मेट, ICC लाया ‘सुपर सीरीज’ और ‘सुपर-7’; जानिए कैसे खेला जाएगा पूरा टूर्नामेंट

दुबई, यूएई
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने वनडे विश्व कप 2027 के लिए नए टूर्नामेंट फॉर्मेट का आधिकारिक एलान कर दिया है। दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में होने वाला यह विश्व कप पहले के मुकाबले बिल्कुल अलग अंदाज में खेला जाएगा। ICC ने साफ कर दिया है कि टूर्नामेंट में 14 टीमें ही हिस्सा लेंगी और इसे 12 टीमों तक सीमित करने की अटकलें पूरी तरह गलत हैं। नए फॉर्मेट में पहली बार ‘सुपर सीरीज’ और ‘सुपर-7’ जैसे चरण शामिल किए गए हैं, जिससे हर मुकाबले की अहमियत बढ़ने की उम्मीद है।
आईसीसी के मुताबिक, विश्व कप को तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा ताकि पूरे टूर्नामेंट के दौरान प्रतिस्पर्धा बनी रहे और हर मैच का महत्व बढ़े। नए प्रारूप का उद्देश्य उन मुकाबलों की संख्या कम करना है, जिनका आगे की स्थिति पर कोई खास असर नहीं पड़ता।
नए फॉर्मेट के तहत सबसे पहले राउंड-1 में क्वालीफाई करने वाली 14 टीमों में रैंकिंग के आधार पर सबसे निचले स्थान की तीन टीमें ‘सुपर सीरीज’ खेलेंगी। इस चरण में तीनों टीमों के बीच राउंड-रॉबिन मुकाबले होंगे और इनमें शीर्ष पर रहने वाली टीम अगले दौर में जगह बनाएगी, जबकि बाकी दो टीमों का अभियान यहीं समाप्त हो जाएगा।
इसके बाद राउंड-2 में कुल 12 टीमें दो समूहों में बांटी जाएंगी, जिनमें प्रत्येक ग्रुप में छह-छह टीमें होंगी। सभी टीमें अपने-अपने समूह में एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबले खेलेंगी। ग्रुप चरण के अंत में दोनों समूहों की शीर्ष तीन-तीन टीमें और दोनों ग्रुपों में चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों में से बेहतर प्रदर्शन करने वाली एक टीम ‘सुपर-7’ चरण के लिए क्वालीफाई करेगी।
सुपर-7 चरण में सातों टीमें एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबले खेलेंगी। इस राउंड के अंत में अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान हासिल करने वाली टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। पहले स्थान पर रहने वाली टीम का मुकाबला चौथे स्थान की टीम से होगा, जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमें दूसरे सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगी। इसके बाद विजेता टीमें फाइनल में विश्व चैंपियन बनने के लिए भिड़ेंगी।
आईसीसी का कहना है कि नए प्रारूप का उद्देश्य टूर्नामेंट को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाना, हर चरण में रोमांच बनाए रखना और उभरती टीमों को भी बेहतर अवसर देना है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि ‘सुपर सीरीज’ और ‘सुपर-7’ के शामिल होने से इस बार विश्व कप का रोमांच पहले से कहीं अधिक बढ़ सकता है। हालांकि नए फॉर्मेट को लेकर क्रिकेट जगत में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं, लेकिन इतना तय है कि ODI World Cup 2027 क्रिकेट प्रशंसकों के लिए एक बिल्कुल नया अनुभव लेकर आने वाला है।




